कहलगांव अस्पताल में खुलेगा नया वन स्टॉप सेंटर, टीम ने किया निरीक्षण
भागलपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देश पर मिशन शक्ति के तहत पूरे बिहार में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। भागलपुर जिले में मायागंज अस्पताल परिसर में एक वन स्टॉप सेंटर पहले से कार्यरत है, लेकिन बढ़ती जरूरतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
शुक्रवार को कहलगांव अस्पताल परिसर में नए वन स्टॉप सेंटर के निर्माण हेतु जमीन का निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण टीम में जिला परियोजना प्रबंधक मणिशंकर, केंद्र प्रशासक श्रीमती मोना कुमारी, जेंडर स्पेशलिस्ट विवेक कुमार, कहलगांव प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन, अस्पताल प्रबंधक गोविन्द जी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं और बालिकाओं को एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराना है। यहाँ मिलेंगी – मनो-सामाजिक परामर्श, कानूनी सलाह और सहायत, चिकित्सीय (मेडिकल) मदद, 5 दिनों तक अस्थायी आश्रय, 181 महिला हेल्पलाइन से त्वरित लिंक, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा।
किसी भी प्रकार की हिंसा की शिकार महिलाएं, 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं (किशोर न्याय अधिनियम के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया के तहत) को इस सुविधा से लाभ मिलेगा।
बिहार सरकार ने सभी महिलाओं से आग्रह किया है कि यदि वे किसी भी प्रकार के संकट या हिंसा का सामना कर रही हों, तो जिले के वन स्टॉप सेंटर से निःशुल्क सहायता अवश्य लें। 181 – महिला हेल्पलाइन (24×7 उपलब्ध) रहेगा। आपका जिला – वन स्टॉप सेंटर।



