झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नवगठन से कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन को मिलेगी नई दिशा
रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की मंजूरी के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की बहुप्रतीक्षित नई कमिटी की घोषणा कर दी गई है। इस नवगठित कमिटी को संतुलित, दूरदर्शी और समावेशी सोच के साथ तैयार किया गया है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में गठित इस कमिटी की खासियत यह है कि पदाधिकारियों को केवल औपचारिक रूप से नहीं, बल्कि स्पष्ट कार्यात्मक जिम्मेदारियों के साथ नियुक्त किया गया है। इससे संगठनात्मक कार्यों में तेजी और जवाबदेही बढ़ने की संभावना है।
नई कमिटी में सामाजिक न्याय के सिद्धांत को प्राथमिकता देते हुए सभी वर्गों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है। पहली बार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला और युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई है। कमिटी में कुल 221 पदाधिकारी शामिल हैं, जिनमें सामान्य वर्ग के 71, अनुसूचित जाति के 26, अनुसूचित जनजाति के 37, पिछड़ा वर्ग के 54 और अल्पसंख्यक वर्ग के 33 प्रतिनिधि शामिल हैं। इसके अलावा 42 महिलाएं और 80 युवाओं को भी स्थान दिया गया है।
वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए कई अहम समितियों का भी गठन किया गया है। इनमें 34 सदस्यीय समन्वय समिति, 5 सदस्यीय अभियान समिति, 5 सदस्यीय परिसीमन समिति, 34 सदस्यीय राजनीतिक मामलों की समिति, 8 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति और 5 सदस्यीय एसआईआर समिति शामिल हैं।
नई प्रदेश कमिटी के गठन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि इससे संगठन सृजन अभियान को नई गति मिलेगी और पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत होगी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेश कुमार बैठा, सतीश पॉल मुंजनी, डॉ. राजेश गुप्ता, अभिलाष साहू, मंजूर अंसारी, अशोक चौधरी, सुल्तान अहमद, प्रदेश महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, लाल किशोर नाथ शाहदेव, केदार पासवान, डॉ. राकेश किरण महतो, शांतनु मिश्रा, रियाज अंसारी और राजन वर्मा सहित कई नेताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया।



