नई ऊर्जा, नई उड़ान: एनएसएस वॉलंटियरों ने बढ़ाई टीएमबीयू की चमक, राष्ट्रीय मंच पर लगातार दर्ज करा रहे उपस्थिति

भागलपुर: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक निरंतर अपनी लगन, अनुशासन और सामाजिक प्रतिबद्धता के बल पर विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहे हैं। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने न केवल उनकी व्यक्तिगत पहचान को चमकदार बनाया है, बल्कि विश्वविद्यालय को भी देशभर में एक नई पहचान दी है।

इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बीएन महाविद्यालय की वॉलंटियर सानू मिश्रा और ताडर कॉलेज की वॉलंटियर मुस्कान कुमारी ने 5 नवंबर से 15 नवंबर तक ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस शिविर में नेतृत्व, अनुशासन और सेवा-भाव का प्रेरक प्रदर्शन किया। इस शिविर में चयनित होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि देशभर से चुनिंदा वॉलंटियर ही इसमें शामिल हो पाते हैं।

दोनों वॉलंटियर्स ने न सिर्फ विश्वविद्यालय, बल्कि भागलपुर और बिहार का भी प्रतिनिधित्व किया। शिविर के दौरान उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, परेड अभ्यास, व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं राष्ट्रीय एकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपना सर्वांगीण कौशल प्रदर्शित किया।

18 नवंबर को दोनों वॉलंटियर भागलपुर लौटीं, जहां उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इसके बाद 19 नवंबर को एनएसएस कार्यालय में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने दोनों प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

डॉ. कुमार ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे वॉलंटियर्स विश्वविद्यालय की ‘जीवंत पहचान’ हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में और भी छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भाग लेकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

सम्मान समारोह में उपस्थित अन्य अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भी दोनों छात्राओं के जज्बे की तारीफ की। इस उपलब्धि ने विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह और गर्व की नई लहर पैदा कर दी है। एक बार फिर यह साबित हुआ कि समर्पित युवा जब सही दिशा में आगे बढ़ते हैं, तो वे न केवल समाज, बल्कि अपने संस्थान को भी नई ऊंचाइयां दिलाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *