50 हजार का इनामी नक्सली एनेम हस्सा पूर्ति पुलिस के हत्थे चढ़ा

रांची: राजधानी रांची से सटे तमाड़ से हार्ड कोर उग्रवादी एनेम हस्सा पूर्ति पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह खूंखार माओवादी महाराज प्रमाणिक का खासमखास माना जाता है। हार्ड कोर उग्रवादी एनेम हस्सा पूर्ति पर एनआईए ने 50 हजार का इनाम रखा था। उसके पास से एक दोनाली बंदूक और 4 जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। गिरफ्तार उग्रवादी तमाड़ थाना क्षेत्र के डिमनिया बेड़ा का रहनेवाला है। पूछताछ में उसने पुलिस के सामने कई राज उगल दिये हैं। मिले इनपुर पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। खरसावां के तिरुलडीह में पेट्रोलिंग में निकले 5 पुलिसकर्मी के मारे जाने में एनेम हस्सा पूर्ति का नाम उछलकर सामने आया था। तब से वह फरार था। इस बात का खुलासा आज रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा ने मीडिया के सामने किया।
लंबे अरसे से फरार एनेम हस्सा पूर्ति के लोकेशन के बारे में रांची पुलिस कप्तान को खुफिया जानकारी मिली थी। उन्हें यह भी बताया गया था कि हस्सा हथियार लेकर घूम रहा है। इरादा उसका नेक नहीं लगता। इसके बाद एएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने एक स्पेशल टीम बनाई। टीम में एसएसबी और जिला बल के अफसरों को शामिल किया गया। गठित टीम रांची-टाटा रोड पर राडग़ांव और रंगामटी के बीच स्थित निर्मल होटल तक पहुंची। पुलिस को देख वहां खड़ा हस्सा भागने लगा। जिसे खदेड़कर दबोच लिया गया। टीम का नेतृत्व एसएसबी के सहायक कमांडेंट सिद्धार्थ आर कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *