मोराबादी मैदान एक्सपो उत्सव के लिए तैयार, 16 को मंत्री योगेंद्र प्रसाद करेंगे शुभारंभ
रांची : राजधानी रांची का मोराबादी मैदान देश-विदेश की रौनक से गुलजार होने जा रहा है। झारखंड का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित कंज्यूमर फेयर एक्सपो उत्सव 16 सितंबर को मंत्री योगेंद्र प्रसाद के हाथों उद्घाटन के साथ शुरू होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रतीक जैन, एक्सपो के मुख्य संचालक सिद्धार्थ जयसवाल, सिद्धार्थ चौधरी, जेसी साकेत अग्रवाल व प्रवक्ता आदित्य जालान ने संयुक्त रूप से सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम शाम पांच बजे होगा। इस बार एक्सपो पहले से कहीं अधिक भव्य और विशेष रूप में आयोजित किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि यह उत्सव अब 5 की जगह 7 दिनों तक चलेगा। यानी ज्यादा दिन, ज्यादा शॉपिंग और ज्यादा ऑफर्स। इस दौरान 400 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ बांग्लादेश, थाईलैंड और अफगानिस्तान जैसे देशों के व्यापारी भी शामिल होंगे। ग्राहक यहां कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर लाइफस्टाइल प्रोडक्ट तक खरीद सकेंगे और 5% से लेकर 50% तक की छूट का लाभ उठा सकेंगे।
मुख्य आकर्षणों में ए.सी. जर्मन हैंगर, महिलाओं के लिए विशेष पिंक हैंगर, बच्चों के लिए फनगोला एम्यूजमेंट पार्क, विविध व्यंजनों से भरपूर फूड ज़ोन, नए उद्यमियों के लिए स्टार्टअप बाजार और घर-सजावट के लिए अर्बन ज़ोन शामिल हैं।
इसके साथ ही प्रतिदिन रंगारंग कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें डांस, फैशन शो, योगा, पेंटिंग, डॉग शो, तंबोला, हेल्दी बेबी एंड मॉम शो, ट्रेजर हंट, वॉइस ऑफ एक्सपो और फैंसी ड्रेस जैसे इवेंट खास आकर्षण रहेंगे।
आयोजक मंडल ने दावा किया है कि इस बार का एक्सपो रांचीवासियों को खरीदारी, मनोरंजन और स्वादिष्ट भोजन का अनोखा संगम देगा।



