ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार,मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने 25 बीडीओ के बीच वाहनों का किया वितरण
रांची : झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज करने के लिए गुरुवार को पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने 25 बीडीओ के बीच वाहनों का वितरण किया। मौके पर मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को प्रखड़ों के लिए रवाना किया। इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य के प्रखंड विकास पदाधिकारियों के कार्यप्रणाली से सरकार की छवि बनती और बिगड़ती है।अधिकारियों के कंधों पर सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने की बड़ी ज़िम्मेदारी है। इसलिए ग्रामीण जनता के काम को संवेदनशीलता से निष्पादन और टालमटोल की नीति से परहेज करने की जरूरत है। इस पहल से क्षेत्रीय निरीक्षण, योजनाओं की सतत निगरानी एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को और अधिक गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कई बार यह देखने को मिला है कि वाहन के आभाव में विकास योजनों की जमीनी हकीकत और निगरानी में अधिकारियों को परेशानी होती है, ऐसे में राज्य की महागठबंधन सरकार की यह सोच है कि अधिकारियों को उचित संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। इसी कड़ी में आज राज्य के 25 प्रखंड विकास पदाधिकारियों के बीच विभागीय वाहन दिया गया है। शेष प्रखंडों में एक साथ विभागीय वाहन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आरंभ की बात कही।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने डिजिटल पंचायत के माध्यम से पंचायतों को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित करने का कार्य किया है। जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवश्यक दस्तावेज़ और अन्य सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध हों, ताकि उन्हें बार-बार प्रखंड कार्यालय के चक्कर न लगाना पड़ें। पंचायत सचिवों की कमी सरकार के संज्ञान में है जिसे बहुत जल्द दूर कर लिया जाएगा। इस मौके पर सचिव मनोज कुमार, अपर सचिव प्रेरणा दीक्षित, अपर सचिव अरुण कुमार सिंह, संयुक्त सचिव एस.अली ख़ान, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें ।


