उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा से संबंधित हुई बैठक

खूंटी: समाहरणालय स्थित सभागार में आज उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में मंगलवार को सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में अगस्त एवं सितंबर माह के दौरान जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, दर्ज एफ.आई.आर., तथा अब तक की गई जांच एवं कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के पीछे पाए गए कारणों का गहन विश्लेषण करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), राज्य राजमार्ग (SH), आर.सी.डी. तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ बनाएं। उपायुक्त ने कहा कि जिन स्थानों पर आवश्यकता है, वहां सड़कों की मरम्मत, रम्बल स्ट्रिप्स, सड़क संकेतक स्ट्रीट लाइट, एवं अन्य सुरक्षा प्रावधानों को शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने, वाहन चेकिंग अभियान नियमित रूप से संचालित करने तथा यातायात नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ओवर स्पीडिंग, लापरवाह ड्राइविंग, एवं ड्रिंक एंड ड्राइव जैसे गंभीर मामलों पर कड़ी निगरानी रखने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में हिट एंड रन से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए तथा जो मामले लंबित हैं, उन्हें अविलंब निष्पादित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि हिट एंड रन से संबंधित मामलों में आश्रितों को दी जाने वाली मुआवजा राशि की समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मामला लंबित न रहे और मुआवजा भुगतान में तत्परता बरती जाए।
साथ ही, उपायुक्त ने गुड सेमेरिटन नीति के तहत दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहन राशि एवं सम्मानित किए जाने की प्रक्रिया को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों की त्वरित चिकित्सा सुनिश्चित करने में गुड सेमेरिटन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः उनके प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाए।
बैठक में डीएसपी मुख्यालय, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, एम.वी.आई., कार्यपालक अभियंता (आर.सी.डी., एन.एच., एस.एच.), समेत अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *