राँची के विकास के लिए महापौर ने केंद्र सरकार से मांगा सहयोग
रांची: राँची की महापौर रोशनी खलखो एवं उपमहापौर नीरज कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राँची के समग्र एवं सुनियोजित विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यावरण-अनुकूल आधारभूत संरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया।
महापौर ने राँची की बढ़ती जनसंख्या और शहरी आवश्यकताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि शहर में बेहतर सड़क, जल निकासी, स्वच्छता, हरित क्षेत्रों के विकास तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से राँची को एक स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राँची के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की और नगर के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।


