नवगछिया दियारा में एसटीएफ की बड़ी कार्रवायी: कुख्यात सकला यादव हथियारों के जखीरे संग गिरफ्तार

भागलपुर। गंगा के पार फैले नवगछिया दियारा की वीरान धरती रविवार की सुबह अचानक पुलिस सायरनों से गूंज उठी। लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बने कुख्यात अपराधी सकला उर्फ सकलदेव यादव को दबोचने के लिए एसटीएफ और नवगछिया पुलिस की संयुक्त टीम ने परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा में एक सुनियोजित ऑपरेशन चलाया और इस बार दियारा का ‘डॉन’ माने जाने वाला सकला अपने ही ठिकाने पर धर दबोचा गया।
सूत्र बताते हैं कि एसटीएफ को तकनीकी और मानवीय दोनों स्रोतों से इनपुट मिला कि सकला यादव अपने गिरोह के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। इस सूचना की पुष्टि होते ही एसटीएफ के वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। परबत्ता थाना पुलिस भी ऑपरेशन में शामिल हुई। टीम ने दियारा के कठिन रास्तों और छुपे ठिकानों को चिह्नित करते हुए अचानक छापेमारी की और सकला को चारों ओर से घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के वक्त सकला के पास से जिन हथियारों की बरामदगी हुई, उसने साफ कर दिया कि वह किसी बड़े और हिंसक अपराध की साजिश रच रहा था। देशी रायफल – 05, मासकेट – 02, .315 बोर के 35 जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन – 01। सभी हथियार व कारतूस STF द्वारा जब्त कर परबत्ता थाना को विधिसम्मत कार्रवाई हेतु सौंप दिए गए।
सकला यादव का नाम नवगछिया, बिहपुर और दियारा पट्टी में वर्षों से दहशत का पर्याय रहा है।
हत्या, लूट, फिरौती, फायरिंग, जमीन कब्जा और हथियार तस्करी। ऐसा कोई अपराध नहीं जिसमें उसका नाम न जुड़ा हो। पुलिस रिकॉर्ड बताता है कि उसके विरुद्ध 13 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें कई हत्या और हत्या के प्रयास के मामले भी शामिल हैं।
कुछ प्रमुख मामले – 1. खरिक थाना कांड 128/2021 – हत्या (302 IPC), 2. बिहपुर कांड 12/2022 – 307, 427 IPC एवं आर्म्स एक्ट 3. बिहपुर कांड 48/2022 – आर्म्स एक्ट, 4. बिहपुर कांड 135/2022 – आर्म्स एक्ट, 5. बिहपुर कांड 666/2022 – 379, 385, 504, 506 आईपीसी, 6. नदी थाना कांड 06/2023 – हत्या एवं साजिश (302/120B), 7. खरिक कांड 117/2023 – 364, 307 आईपीसी, 8. बिहपुर कांड 142/2023 – सरकारी कार्य में बाधा व फायरिंग, 9. बिहपुर कांड 181/2023 – हमला व फायरिंग, 10. खरिक कांड 195/2024 – बीएनएस की गंभीर धाराएं, 11. खरिक कांड 196/2024 – अवैध हथियार व हमला, 12. बिहपुर कांड 196/2024 – उगाही, धमकी, हमला, 13. बिहपुर कांड 119/2025 – बीएनएस की गंभीर धाराएं
सकला की गिरफ्तारी को स्थानीय लोग पुलिस की बड़ी सफलता मान रहे हैं। दियारा में पिछले कुछ वर्षों से जमीन कब्जा, हथियारबाजी और फायरिंग जैसी घटनाओं से आम लोग भयभीत थे। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि उसके पकड़े जाने से अवैध हथियार नेटवर्क, जमीन कब्जा गैंग और उसके इर्द-गिर्द पनप रहे अपराध तंत्र पर बड़ा असर पड़ेगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दियारा क्षेत्र में अभी कई छोटे गिरोह सक्रिय हैं, जिन पर STF की निगाह बनी हुई है। सकला के पकड़े जाने के बाद इन गिरोहों के मनोबल पर भी असर पड़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *