भागलपुर में फिर खिलेगा कमल, भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे के समर्थन में एनडीए का हुंकार
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। भागलपुर की राजनीति में 12 वर्षों से “कमल” मुरझाया हुआ था, लेकिन अब भाजपा कार्यकर्ताओं के जोश और जनता के विश्वास ने एक नई लहर पैदा कर दी है। आज आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने एक सुर में कहा कि इस बार भागलपुर में फिर खिलेगा कमल और एनडीए का परचम लहराएगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे को जनता का समर्थन दिलाने की अपील करते हुए कहा गया कि भागलपुर की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और यह बदलाव विकास, स्थिरता और सुशासन के नाम पर होगा।
12 साल का वनवास खत्म होगा, भागलपुर में फिर कमल खिलेगा
मीडिया को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा – भागलपुर विधानसभा में पिछले तीन बार से कमल नहीं खिला, लेकिन इस बार जनता ने ठान लिया है कि 12 वर्षों का वनवास खत्म कर एनडीए को भारी मतों से विजयी बनाएगी। इस बार भागलपुर में ‘कमल’ केवल चुनाव प्रतीक नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और विकास का प्रतीक बनेगा।
बिहार में बह रही है विकास की गंगा
नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बिहार अब भय, भ्रष्टाचार और अराजकता से बाहर निकल चुका है। बिहार में विकास की गंगा बह रही है। खौफ और डरावने दिनों का इतिहास अब पीछे छूट चुका है। नीतीश कुमार के सुशासन और मोदी जी के संकल्प से बिहार एक नए युग में प्रवेश कर चुका है।
महागठबंधन पर तीखा प्रहार, मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं
भाजपा नेताओं ने महागठबंधन को बिखरा हुआ कुनबा बताया और कहा कि यह गठबंधन जनता को फिर से डर और भ्रष्टाचार के युग में धकेलना चाहता है। महागठबंधन द्वारा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार और मुकेश साहनी को उपमुख्यमंत्री घोषित किए जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा गया – महागठबंधन मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहा है। बिहार में कोई भी भ्रष्टाचारी मुख्यमंत्री नहीं बन सकता। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि चुनाव के बाद काल कोठरी के मुख्य कैदी बनेंगे। नेताओं ने कहा कि तेजस्वी यादव पहले नौकरी के बदले जमीन घोटाले का जवाब दें और जिन गरीबों की जमीन छीनी गई, उन्हें लौटाएं, तभी जनता उनका मुंह सुनेगी।
जंगलराज अब इतिहास है, जनता विकास की राह चुन चुकी है
नेताओं ने कहा कि बिहार की जनता 2005 में ही जाग चुकी थी, जब उसने लालू राज के भय और भ्रष्टाचार के युग को खत्म किया था। नीतीश कुमार और सुशील मोदी ने बिहार को भय, अराजकता और भ्रष्टाचार के अंधकार से निकालकर सुशासन की रोशनी दी। 20 वर्षों में एनडीए ने बिहार को नई पहचान दी। अब लोग डर से नहीं, विकास से पहचान बनाते हैं।
नीतीश–मोदी की जोड़ी: विकास की गारंटी
नेताओं ने दावा किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की पुनः सरकार बनेगी और नीतीश कुमार ही फिर एनडीए के मुखिया होंगे। देश में नरेंद्र मोदी और बिहार में नीतीश कुमार की जोड़ी विकास की गंगा बहा रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, निवेश और सुरक्षा, हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।
वाजपेयी जी का सपना अब साकार होगा
भाषण के दौरान वर्ष 2005 की याद दिलाते हुए कहा गया जब अटल बिहारी वाजपेयी जी ने कहा था। मेरा किसलय कोई लौटा दे, तब जनता ने बिहार को जंगलराज से मुक्त किया था। अब 2025 में वही भावना फिर लौट आई है। भागलपुर की जनता कमल को खिलाकर वाजपेयी जी के सपने को साकार करेगी।



