भगवान राम अपना महल खुद नहीं बनवा लेते, अयोध्या को ले पीएम पर बरसे तेजस्वी

पटना : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के पुत्र व बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर तीर चलाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राम मंदिर के बहाने अपनी और पीएम मोदी की मार्केटिंग कर रही है। उन्होंने विगत बुधवार को मधुबनी के झंझारपुर में पूर्व सांसद रामदेव भंडारी की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर भड़ास निकाली।
राम मंदिर को लेकर भाजपा पर बरसते हुए तेजस्वी यादव ने पूछा-बीमार पड़ोगे तो अस्पताल जाओगे ने? भूख लगेगी और मंदिर जाओगे तो खाना मिलेगा? वहां तो उल्टा आपसे दान मांग लेंगे। तेजस्वी ने कहा कि आप लोगों को जागना होगा। मैं किसी धर्म पर सवाल नहीं उठा रहा हूं। मैं तो खुद तिरुपति से मुंडन करवाकर आया हूं। छठ पूजा मेरे भी घर पर होती है। भगवान मेरे दिल में हैं। ये लोग (भाजपा) बस कहते हैं हम भगवा ले आए। क्या ये लोग लाए हैं? हमारे तो तिरंगे में भी भगवा है। हरा भी है, लेकिन अगर हरा झंडा लेकर घूमेंगे तो कहेंगे कि देखो नफरत पैदा कर रहा है, ताकि लोग आपस में लड़ते रहें। लाखों करोड़ रुपए जो अयोध्या में खर्च हो रहा है, उतने में कितने लोगों को नौकरी मिल जाती, शिक्षा मिल जाती।
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मीडिया दिनभर हम लोगों से राम मंदिर, राम मंदिर, राम मंदिर, यही सब पूछते हैं। भगवान राम को मोदी जी की जरूरत है? भगवान राम चाहते तो अपना महल खुद नहीं बनवा लेते? लेकिन मोदी जी दिखा ऐसे रहे हैं कि उन्होंने भगवान राम को घर और महल दिलवा दिया। ये सब फालतू की बात है। आस्था मन में होनी चाहिए। नीयत साफ होनी चाहिए। पाप करते रहेंगे और राम-राम करते रहेंगे, तो राम आशीर्वाद नहीं देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *