भागलपुर में बड़ी कार्रवाई: पशु तस्करी का पर्दाफाश, 4 वाहनों से 200 मवेशी बरामद
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। बीती रात भागलपुर पुलिस ने रूटीन जांच के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। बायपास और लोदीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार वाहनों को जब्त किया, जिनमें ठूंस-ठूंसकर करीब 200 मवेशियों को ले जाया जा रहा था। मवेशियों को जिस अमानवीय ढंग से वाहनों में भरकर ले जाया जा रहा था, वह दृश्य बेहद वीभत्स और चिंता जनक था।
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी हुई है। फिलहाल, मवेशियों को सुरक्षित रखने और देखभाल की जिम्मेदारी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।
चारा के अभाव में कई मवेशियों की मौत :
जब्त किए गए मवेशियों के लिए चारे और देखभाल की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण कई मवेशियों की जान चली गई है। स्थिति इतनी गंभीर है कि पुलिस के सामने अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि इन लगभग 200 मवेशियों को कहां और किसके सुपुर्द किया जाए।
कानून का डंडा तो चला, पर पशु कल्याण की चुनौती बरकरार :
पुलिस की तत्परता से एक ओर जहां तस्करी की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया, वहीं दूसरी ओर प्रशासन के सामने पशुओं की देखभाल और पुनर्वास की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। पशु कल्याण विभाग और जिला प्रशासन को इस दिशा में अविलंब कदम उठाने की जरूरत है, ताकि जब्त मवेशियों को आवश्यक देखभाल और संरक्षण मिल सके।



