KHUNTI NEWS:जिला भाजपा कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती मनाई गई

गणादेश,खूंटी : जिला भाजपा कार्यालय में जनसंघ के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी ने कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ने के बाद वे उसकी विचारधारा से प्रभावित हुए और जनसंघ में शामिल होकर राजनीति में ‘एकात्म मानववाद’ का सिद्धांत प्रस्तुत किया। यही विचार आज भाजपा की वैचारिक नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी सोच के आधार पर “वसुधैव कुटुम्बकम” का संदेश देते हैं।

तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने बताया कि पंडित जी का जन्म 25 सितंबर 1916 को अजमेर के धमकीया गांव में हुआ था। वे बचपन से ही मेधावी रहे और मैट्रिक, इंटर तथा बीए में प्रथम स्थान प्राप्त किया। परिस्थितियों के कारण उच्च शिक्षा अधूरी रह गई, लेकिन उन्होंने समाज और राष्ट्रहित को अपना लक्ष्य बना लिया।

पूर्व जिला अध्यक्ष कांशी नाथ महतो ने कहा कि माता-पिता के निधन के बावजूद उपाध्याय जी ने कठिनाइयों का सामना करते हुए शिक्षा और संगठन में श्रेष्ठ योगदान दिया। उनका जीवन हमें संघर्ष और समर्पण की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष ने दिया, मंच संचालन जिला महामंत्री संजय साहू और धन्यवाद ज्ञापन निखिल कंडुलना ने किया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा की पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *