कट्टा, डीजे, राजनीति का तड़का: भागलपुर में वायरल वीडियो मामले में, 8 पर केस, 1 गिरफ्तार
भागलपुर। पिछले दिनों जिले के भागलपुर के गोराडीह प्रखंड में एक वायरल वीडियो ने इलाके में तहलका मचा दिया है। इटवा गांव का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर तैरने लगा, वैसे ही चर्चा का समंदर उफान मारने लगा। डीजे की तेज़ धुन, पार्टी का झंडा और युवकों के हाथों में खुलेआम कट्टा-इस वायरल क्लिप ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश की है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक मंच पर डांस कर रहे हैं। डांस महज मनोरंजन नहीं, बल्कि हथियार प्रदर्शन का ज़रिया बन चुका था। हाथों में कट्टा, होठों पर मुस्कान, और माहौल में राजनीतिक रंग-यह सब कुछ पुलिस के लिए रेड अलर्ट का कारण बना।
FIR दर्ज, गिरफ्तारी शुरू
गोराडीह थाना के इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आठ युवकों पर नामजद एफआईआर दर्ज कर दी है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी में निकली शराब, पिता गिरफ्तार
इस बीच, पुलिस जब आरोपियों के घर दबिश देने पहुंच, तो एक आरोपी के घर से 375 एमएल की शराब की बोतल भी बरामद हुई। हथियार नहीं मिला, पर शराब मिलने पर पुलिस ने आरोपी के पिता उदय राय को गिरफ्तार कर लिया।
जल्द सब होंगे सलाखों के पीछे
थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी। सीनियर एसपी हृदय कांत के निर्देश पर मामला तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
राजनीतिक गीत, हथियार की नोंक और क़ानून का शिकंजा
कासिमपुर के इस कार्यक्रम में जब मंच से पार्टी विशेष का गाना बजा, तो मंच पर मौजूद युवकों ने माहौल को पूरी तरह बदल दिया। इस ‘राजनीतिक जलसे’ में कट्टे का प्रदर्शन साफ बताता है कि अब डीजे पार्टी के नाम पर अपराध को ग्लैमराइज करने की कोशिशें हो रही हैं।अब पुलिस की बारी है।
वीडियो भले कुछ सेकंड का था, लेकिन उसने पूरे सिस्टम को हिला दिया है। अब देखना यह है कि अगली वायरल खबर ‘गिरफ्तारी’ की बनती है या ‘फरार’ की।



