सरहुल महापर्व की तैयारी को लेकर संयुक्त बैठक, 21 मार्च को खूंटी के तपकरा में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

रांची: प्राकृतिक महापर्व सरहुल (बहा) की तैयारी को लेकर खूंटी में युवा सरना समिति तपकरा एवं सरना धर्म सोतो: समिति की संयुक्त बैठक कालेट बड़का टोली में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बुदा मुण्डा ने की, जिसमें सरहुल पर्व को पारंपरिक एवं भव्य रूप से मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए युवा सरना समिति तपकरा के सचिव सुमित गुड़िया ने बताया कि आगामी 21 मार्च, शनिवार को तपकरा में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सरहुल से पूर्व सभी परिवार अपने-अपने घरों में साफ-सफाई, लिपाई-पुताई का कार्य प्रारंभ करें। यह पर्व प्रकृति और परंपरा से जुड़ा है तथा पूर्वजों द्वारा दी गई संस्कृति और संस्कारों को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि सरहुल के दिन गांव-गांव से लोग पारंपरिक वेशभूषा में नगाड़ा, ढोल और मांदर की थाप के साथ शोभायात्रा में शामिल होंगे। युवा महिलाएं भी बढ़-चढ़कर भाग लेंगी और एकता व भाईचारे का संदेश देंगी। इस अवसर पर प्रत्येक घर में सरना ध्वज बदला जाएगा तथा भगवान सिंगबोंगा की स्तुति एवं पूजा-अर्चना की जाएगी।
बैठक में जयराम पाहन ने कहा कि सरहुल पर्व के अवसर पर विभिन्न गांवों के पाहनों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि पारंपरिक धार्मिक व्यवस्था और संस्कृति को सम्मान मिल सके।
इस अवसर पर रोहित तानी, विचा बोदरा, बिरसा गुड़िया, बुधनाथ तोपनो, हिरामबी गुड़िया, बिरसा कन्डुलना, सोमबरा भेंगरा, रवि गुड़िया, मुनुवा गुड़िया, कुदलु गुड़िया, जोहान गुड़िया, पिलो पाहन, रामन गुड़िया, शंकरी पाहानाई, होलसाय होरो सहित कई लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *