गोड्डा में झामुमो का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, संगठन मजबूती पर जोर

गोड्डा: जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से गोड्डा मुख्यालय स्थित शुभदा बैंकट हॉल में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, सांसद विजय हांसदा, विधायक हेमलाल मुर्मू और विधायक धनंजय सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेमनंदन कुमार ने की।

सम्मेलन में जिले के 1256 बूथों से बीएलए-2, बूथ अध्यक्षों, संयोजकों तथा जिला, प्रखंड, पंचायत कमेटी और विभिन्न वर्ग संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में नेताओं का पारंपरिक रीति-रिवाज और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद नेताओं ने झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं झामुमो संस्थापक स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। जिला समिति की ओर से नेताओं को अंगवस्त्र, पौधा और फूलमालाओं से सम्मानित किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष के निर्देश पर अब बूथ कमेटी संगठन की सबसे निचली और महत्वपूर्ण इकाई होगी। जिन क्षेत्रों में बूथ कमेटियों का गठन नहीं हुआ है, वहां जल्द गठन करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण और जनगणना जैसे कार्यों के दौरान बीएलए-2 और बूथ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने नहीं देने का संकल्प लेना चाहिए। सम्मेलन में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *