IRTC घोटाला मामला: लालू,तेजस्वी पर आरोप गठित होने पर झामुमो का बीजेपी पर हमला,कहा– यह लालू परिवार नहीं, बिहार और देश की अस्मिता पर वार है
गणादेश,रांची: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पर कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने केंद्र की बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा प्रहार किया है। सोमवार को रांची स्थित झामुमो प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव के बीच में महागठबंधन के सबसे बड़े नेता पर चार्जशीट दाखिल करवाना केंद्र की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कार्रवाई करनी ही थी, तो चुनाव से दो महीने पहले या चुनाव के बाद की जा सकती थी। यह कदम लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की भावना के खिलाफ है।
भट्टाचार्य ने कहा कि यह हमला केवल लालू परिवार या राजद पर नहीं, बल्कि बिहार और देश की अस्मिता, साथ ही भारतीय संविधान पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयान न केवल आपत्तिजनक हैं बल्कि यह न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है। आरोप तय होना दोष सिद्ध होना नहीं होता, लेकिन बीजेपी इसे राजनीतिक हथियार बना रही है।
उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि इस मामले पर कोई भी नेता मीडिया के माध्यम से टिप्पणी न करे, क्योंकि यह आचार संहिता का उल्लंघन होगा। भट्टाचार्य ने कहा कि जिस तरह लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाना बनाया गया, उसी तरह अब बिहार में तेजस्वी यादव को टारगेट किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “बीजेपी का यह दांव उल्टा पड़ेगा। तेजस्वी यादव के जेल जाने से महागठबंधन को ही फायदा होगा।” उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर को चार्जशीट दाखिल की गई है और 10 नवंबर को ट्रायल शुरू होना है, जो मतदान से ठीक पहले की तारीख है। जेएमएम नेता ने कहा कि बिहार की अस्मिता और संविधान पर हमला किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और चुनाव आयोग से निष्पक्ष चुनाव की अपेक्षा की जाएगी।



