छह साल पुराने केस के आरोपी को जेल से किया गया रिहा, बाइक चोरी के आरोप में जेल में बंद था जितेंद्र ठाकूर

खूंटी : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रषिकेश कुमार के निर्देश पर खूंटी उपकारा में रविवार को जेल अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें तोरपा थाने में वर्ष 2019 में दर्ज बाइक चोरी मामले के आरोपी जितेंद्र ठाकूर को रिहा कर दिया गया। उक्त चोरी के मामले में पुलिस के द्वारा बाइक भी बरामद कर ली गई थी। आरोपी जितेंद्र ठाकूर अगस्त 2024 से खूंटी उपकारा में बंद था।

यह जानकारी देते हुए डालसा सचिव राजश्री अपर्णा कुजूर ने बताया कि जेल अदालत के दौरान जब यह मामला सामने आया तो न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम अमित आकाश सिंहा द्वारा की जा रही सुनवाई के दौरान जितेंद्र ने अपना दोष स्वीकार किया और तत्काल बाद उसके रिहाई का आदेश दे दिया गया और वह कुछ ही देर के बाद जेल से बाहर आ गया।

 डालसा सचिव ने बताया कि आयोजित इस जेल अदालत के दौरान पुरूष और महिला विचाराधीन बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

इसके साथ ही हेल्थ चेक-अप कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए गए।

जेल अदालत के मौके पर जेल अधीक्षक अनुराधा कुमारी भी मौजूद थीं। 

उपरोक्त जानकारी डालसा सचिव श्रीमती राजश्री अपर्णा कुजूर के द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *