गम्हरिया ग्रामसभा में जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने सुनी जनता की समस्याएं, सड़क मरम्मत का दिया आश्वासन
खूंटी : खूंटी जिले के बिचना पंचायत के गम्हरिया ग्रामसभा में गुरुवार को जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने सड़क जाम और गड्ढों की समस्या बताई
ग्रामसभा में ग्रामीणों ने बताया कि अंगराबरी-खूंटी-रांची मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और आए दिन वाहनों के फंसने से घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है।
भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से स्थिति और भी बदतर हो गई है। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पार करना मवेशियों के लिए भी बेहद मुश्किल हो गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पेलौल पुल टूटने से और बढ़ी दिक्कत
ग्रामीणों ने बताया कि पेलौल पुल टूटने के बाद सभी बड़े वाहन इसी रास्ते से होकर गुजर रहे हैं। इससे गम्हरिया और आसपास के गांवों के लोग रोजाना यातायात जाम और सड़क की दुर्दशा से जूझ रहे हैं।
जिप अध्यक्ष ने दिलाया भरोसा
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने कहा कि इस मुद्दे को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभाग से संपर्क कर जल्द ही सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों में उम्मीद
जिप अध्यक्ष की आश्वासन भरी बातों से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान जल्द ही होगा।
सभा में ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह लोडो प्रधान, चूड़ामणि सिंह, रामचंद्र स्वासी, बलिराम सिंह परिवाल सिंह, प्रेमानंद सिंह, शिका प्रधान ,विनोद सिंह, मुकुंद सिंह ,राजू प्रधान ,नागा प्रधान शंकर सिंह, मनीष सिंह, अर्जुन प्रधान ,एतवा सिंह ,प्रकाश सिंह, श्याम सिंह ,सुरेंद्र सिंह मुंडा आदि उपस्थित थे।



