यूनिवर्स इंडिया अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में झारखंड का परचम, स्टोरी लाइन इंडिया ने किया सहयोग
नोएडा : एसके स्टार इवेंट कंपनी की ओर से नोएडा में यूनिवर्स इंडिया अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में स्टोरी लाइन इंडिया ने सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जिसके बाद चयन प्रक्रिया के माध्यम से कुल 50 प्रतिभागियों का अंतिम चरण के लिए चयन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रतिभा, प्रस्तुति एवं अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर निर्णायकों द्वारा मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर रांची से स्टोरी लाइन इंडिया की संस्थापक एवं प्रसिद्ध निर्णायक साधना झा कुमार ने विशेष रूप से शिरकत की और प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन भी दिया।
प्रतियोगिता के परिणामों में झारखंड और बिहार सहित कई राज्यों के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रांची की सीमा कुमारी ने मिसेज यूनिवर्स इंडिया का ताज अपने नाम किया। वहीं रांची की सत्या मिश्रा को मिस यूनिवर्स इंडिया के खिताब से नवाजा गया। मिस्टर यूनिवर्स इंडिया का ताज झारखंड के अन्युश सिंह के सिर सजा।
खास बात यह रही कि इन विजेताओं सहित कई प्रतिभागियों ने स्टोरी लाइन इंडिया के माध्यम से अपना पंजीकरण कराया था। राष्ट्रीय स्तर पर खिताब हासिल करने के बाद प्रतिभागियों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि साधना झा कुमार के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से उन्हें प्रतियोगिता के दौरान बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर ताज अपने नाम करना उनके लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ एक बेहद यादगार उपलब्धि है।
इस अवसर पर साधना झा कुमार ने सभी विजेताओं एवं अंतिम चरण में पहुंचे प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। स्टोरी लाइन इंडिया का उद्देश्य प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन देना है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्टोरी लाइन इंडिया प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।


