झारखंड को लुटेरों से बचाना है,हेमंत सोरेन को हटाना है:बाबूलाल मरांडी

रामगढ़: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को अपनी संकल्प यात्रा के क्रम में रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की संकल्प सभा को संबोधित किया।
सभा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवम जनता ने श्री मरांडी को सुना। सभास्थल से पूर्व 2किलोमीटर की स्वागत रैली में उनका भव्य स्वागत हुआ।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपने आक्रामक अंदाज में हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा प्रहार किया।
उन्होंने कहा झारखंड की सत्ता में बैठी हेमंत सरकार में झारखंड तबाह हो चुका है। एक तरफ खान,खनिज,कोयला, लोहा , पत्थर, बालू की लूट मची है,अपराधी बेलगाम हैं,पुलिस प्रशासन वसूली में लगा हुआ है और जनता परेशान है।
उन्होंने राज्य संपोषित भ्रष्टाचार की चर्चा करते हुए कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री स्वयं राज्य को लूटने और लुटवाने में जुटा है उससे भ्रष्टाचार मिटाने की उम्मीद बेमानी है।
उन्होंने कहा कि राज्य में दलाल बिचौलिए हावी हैं। आम आदमी को घर बनाने केलिए बालू नही मिल रहा लेकिन दलाल और लुटेरे राज्य से बालू को बिहार ,बंगाल ,उत्तर प्रदेश मुंबई भेज रहे और उसके कमीशन का पैसा मुख्यमंत्री तक पहुंच रहा।
उन्होंने कहा कि राज्य में जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र कौन कहे मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में भी पैसे देने पड़ रहे। बहु बेटों का राशन कार्ड में नाम जुड़वाने केलिए पैसे देने पड़ रहे।
कहा पदाधिकारी पूछने पर बोलते हैं पद पोस्ट को मोबाइल की तरह रिचार्ज कराना पड़ता है।देकर आए हैं तो लेंगे ही।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लुटेरों,दलालों, बिचौलियों को बचाने केलिए कोर्ट में महंगे वकील से पैरवी करवाते हैं,उन्हे बचाते हैं।
श्री मरांडी ने कहा कि राज्य में हेमंत है तो अपराधियों को हिम्मत है। राज्य में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं। बेटियों को कहीं पेट्रोल से जलाया जा रहा तो कही टुकड़ों में काट दिया जा रहा।
उन्होंने कहा कि राज्य में जब झामुमो कांग्रेस राजद की सरकार बनती है तो लूट ,भ्रष्टाचार की चर्चा होती है और जब भाजपा के नेतृत्व में देश और प्रदेश में सरकार बनती है तो विकास की चर्चा होती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस 60 वर्षों के शासन में गांव तक सड़क बिजली नही पहुंचा पाई। गांव की सड़कें प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की देन है।
कहा कि मोदी सरकार पिछले 9वर्षों से गांव ,गरीब,किसान,मजदूर के विकास की चिंता कर रही। भाजपा की केंद्र और राज्य की पिछली रघुवर सरकार ने मिलकर घर घर बिजली पहुंचाई। आज गरीबों के घर भी बन रहे और उसमे शौचालय,गैस सिलेंडर,बिजली सब की सुविधा दी जा रही।
उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं प्रधानमंत्री जी ने गरीबों केलिए अनाज की चिंता की। कोरोना में जनधन खाता में पैसा दिया। किसान सम्मान निधि भेजे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आज देश और दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया। आज पूरी दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही।
श्री मरांडी ने कहा कि यह संकल्प यात्रा राज्य से भ्रष्ट,निकम्मी, अपराधी और लुटेरी सरकार को हटाने केलिए सभी को संकल्प दिलाने केलिए है।

उन्होंने कहा कि 2024 में देश और प्रदेश दोनो के चुनाव होने हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के गौरव में चार चांद लगाने केलिए,विकास को और आगे बढ़ाने केलिए तीसरी बार नरेंद्र मोदी जी को भारत का प्रधानमंत्री बनाने केलिए भारत की जनता संकल्पित है।
उन्होंने आह्वान किया कि झारखंड में भी 2024में भाजपा के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *