दिल्ली में झारखंड कांग्रेस विधायकों-मंत्रियों की बैठक, संगठन की मजबूती और एकजुटता पर जोर
रांची : दिल्ली में सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव सह संगठन प्रभारी के.सी. वेणुगोपाल के साथ झारखंड कांग्रेस के विधायकों एवं मंत्रियों की अहम बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में उपस्थित नेताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़ो” रैली की सफलता के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी को बधाई दी।
बैठक के दौरान झारखंड कांग्रेस के सभी विधायकों ने एक स्वर में कहा कि महागठबंधन के भीतर किसी प्रकार का मतभेद नहीं है और सभी दल पूरी एकजुटता के साथ जनता के मुद्दों पर सरकार को मजबूती दे रहे हैं। संगठन प्रभारी के.सी. वेणुगोपाल ने विधायकों और मंत्रियों से जनता की समस्याओं के प्रति सजग और संवेदनशील रहने का आह्वान किया तथा कहा कि जनहित के सवालों पर कांग्रेस को लगातार मुखर रहना होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संगठन सृजन अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के सभी प्रखंडों में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और कई जिलों में इसका कार्य पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही ग्राम पंचायत कमेटी और वार्ड कमेटियों का गठन भी तेजी से किया जा रहा है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जा सके।
के.सी. वेणुगोपाल ने झारखंड से रैली में हुई बड़ी भागीदारी की सराहना करते हुए प्रदेश नेतृत्व को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा अफवाहों के जरिए सरकार को अस्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस नेताओं को पूरी एकजुटता के साथ खड़े रहना होगा। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई के साथ-साथ संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी कांग्रेस की है, जो तभी संभव है जब नेता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।
बैठक में झारखंड प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की सहित कई विधायक और मंत्री उपस्थित थे।



