जयपाल सिंह मुंडा के वैचारिक सिद्धांत और साहसिक योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत: अर्जुन मुंडा

खूंटी: मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती पर बुधवार को उनके पैतृक गांव टकरा में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अर्जून मुंडा ने गांव के बीच स्थित स्व. जयपाल सिंह की समाधी स्थल पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया।
मुख्य पथ पर टकरा ग्राम के मोड़ पर अधिष्ठापित मरांग गोमके की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के योगदान एवं उनके प्रेरणादायक विचारों को साझा किया गया। उन्होंने कहा कि स्व० जयपाल सिंह मुंडा भारतीयों आदिवासियों और झारखंड आंदोलन के एक सर्वोच्च नेता और जाने-माने राजनीतिज्ञ, पत्रकार, लेखक, संपादक, शिक्षाविद और 1925 में ऑक्सफोर्ड ब्लू का खिताब पाने वाले एक मात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एक महान विभूति थे। टकरा गांव में जन्मे स्व. जयपाल सिंह मुंडा ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर अमिट छाप छोड़ी और सम्पूर्ण आदिवासियों का नेतृत्व किया। जनजातीय समुदाय के जल, जंगल व जमीन तथा उनकी परंपरा व संस्कृति को बनाये रखने हेतु अंतराष्ट्रीय क्षितिज पर आवाज बुलंद की।
उन्होंने ही झारखंडी की संस्कृति, अस्मिता एवं पहचान को राजनीतिक धरातल पर उतारने का काम किया। उन्होंने कहा कि ये हमारे खूंटी जिले को गौरवान्वित करता है कि उन्होंने राष्ट्र पटल पर स्वर्णिम अक्षरों में अपनी प्रतिभाओं को अंकित किया है। उन्होंने कहा कि उनके उद्देश्यों को पूर्ण करने हेतु क्षेत्र के लोगों को अपने हक व अधिकार के प्रति जागरुक होकर गांव व समाज के विकास के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जानकारी के आभाव में योजनाओं से वंचित ना रहें। अब आवश्यकता है कि हर व्यक्ति जागरूक बनें।
उन्होंने कहा कि टकरा ग्राम के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य को पूर्ण करते हुए ग्रामीणों को सीधे रूप से लाभ मिलेंगे।
उन्होंने ग्रामीण युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभाओं को निखारने की बात कही। साथ ही ग्रामीणों को योजनाओं से लाभान्वित होने की दिशा में जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि आज इस अवसर पर हम सभी उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लें। इसी प्रकार हम मरांग गोमके के विकासशील विचारों को सफल बनाएंगे।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा उपायुक्त लोकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, परियोजना निर्देशक, आईटीडीए सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण व सांसद प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *