स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ,राज्यपाल और मुख्यमंत्री हुए उपस्थित,पीएम मोदी ने ऑनलाइन किया संबोधित
रांची: झारखंड में महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से बुधवार को सदर अस्पताल से राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का विधिवत शुभारंभ किया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे राज्य में संचालित होगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, स्वास्थ्य सचिव और उपायुक्त समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ऑनलाइन जुड़े और सभा को संबोधित किया।
पीएम मोदी ने कहा कि “कोई मां छूट न जाए, कोई बेटी छूट न जाए”—सरकार का यही संकल्प है। उन्होंने बताया कि मातृ वंदना योजना और राष्ट्रीय पोषण अभियान के जरिए अब तक 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है। आदिवासी इलाकों में सिकल सेल एनीमिया की गंभीरता पर चिंता जताते हुए उन्होंने विशेष क्लीनिक के शुभारंभ की जानकारी दी और कहा कि अब तक पांच करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। साथ ही उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और अबुआ स्वास्थ्य योजना इसी का प्रमाण है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने महिलाओं की सामाजिक भूमिका और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही राज्य में रिम्स-2 अस्पताल का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सरकार कई कार्यक्रम चला रही है और इस अभियान की सफलता के लिए जनता की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा और लक्ष्य है कि स्वस्थ नारी के जरिए सशक्त परिवार और सशक्त समाज का निर्माण हो।



