भीषण गर्मी और लू को देखते हुए उप प्रमुख अरुण साबू ने सीएस को लिखा पत्र
खूंटी: मुरहू में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मुरहू उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने सिविल सर्जन खूंटी को पत्र लिखकर जिलेभर में लू एवं गर्मी से बचाव को लेकर आवश्यक एडवाइजरी जारी करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस तपती गर्मी में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उपप्रमुख अरुण कुमार साबू ने सिविल सर्जन से आग्रह किया है कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को दुरुस्त किया जाए तथा आम जनता की सुविधा के लिए सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं ताकि आपात स्थिति में लोग तुरंत संपर्क कर सकें।
उन्होंने सभी चिकित्सा प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने की अपील की है। प्रमुख ने कहा कि इस भीषण गर्मी में महामारी के साथ-साथ लू लगने से लोगों की जान भी जा सकती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
उन्होंने आम जनों से भी आग्रह किया कि दोपहर की तपती धूप में बाहर निकलने से बचें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। यदि किसी व्यक्ति को उल्टी, दस्त, चक्कर अथवा लू लगने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।



