आईजी मनोज कौशिक पहुंचे खूंटी, सोमा मुंडा के परिजनों से की मुलाकात, जल्द गिरफ्तारी का दिया भरोसा
गणादेश,खूंटी: पहाड़ा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड की जांच में तेजी लाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रांची से आईजी मनोज कौशिक खूंटी पहुंचे। उनके साथ खूंटी एसपी मनीष टोप्पो भी मौजूद थे। आईजी ने सबसे पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की गहन जांच-पड़ताल की। उन्होंने घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली और जांच की प्रगति की समीक्षा की।
घटनास्थल निरीक्षण के बाद आईजी मनोज कौशिक ने सोमा मुंडा की पत्नी अमृता मुंडा और उनके बच्चों को एसपी कार्यालय बुलाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों से घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उन्हें हरसंभव न्याय का भरोसा दिलाया। आईजी ने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने इस संबंध में एसपी मनीष टोप्पो को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।
एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर थाना बुलाकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य वैज्ञानिक तरीकों की मदद से हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की कई टीमें इस हत्याकांड के खुलासे में जुटी हुई हैं।
गौरतलब है कि पहाड़ा राजा सोमा मुंडा की बीते बुधवार को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। हत्या के विरोध में गुरुवार को खूंटी पूरी तरह बंद रहा और स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। लोगों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया। वहीं, सोमा मुंडा के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन को 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है।



