बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा : कहलगांव के तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत

भागलपुर: बेगूसराय जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भागलपुर जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत अंतीचक थाना क्षेत्र के बीरबन्ना गांव के तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा एक पिकअप वैन और अज्ञात ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर के कारण हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के गांव में मातम का माहौल पसर गया।

मृतकों की पहचान बीरबन्ना गांव निवासी मोहम्मद समीम के पुत्र मोहम्मद कलाम (उम्र लगभग 45 वर्ष), मोहम्मद शमशुल के पुत्र मोहम्मद तनवीर (पिकअप चालक, उम्र लगभग 18 वर्ष), तथा मोहम्मद इजरायल के पुत्र मोहम्मद नवाब (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में की गई है। तीनों बनारस में बोरिंग कार्य कर अपने गांव लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही पिकअप वैन बेगूसराय जिले की सीमा में पहुँची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, जबकि ट्रक का चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।

इधर हादसे की खबर जैसे ही बीरबन्ना गांव पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। तीनों मृतक अपने-अपने परिवार के कमाऊ सदस्य थे, जिनकी असमय मौत से परिजनों के समक्ष आर्थिक संकट गहरा गया है।
ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा एवं दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *