होली और जुमा एक साथ, भागलपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, DM और SSP ने किया फ्लैग मार्च

भागलपुर। होली और रमजान एक ही दिन पड़ने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदयकांत के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक फ्लैग मार्च किया। यह फ्लैग मार्च स्टेशन चौक से शुरू होकर तातारपुर चौक, परबत्ती चौक, साहेबगंज चौक, नाथनगर चौक, विश्वविद्यालय चौक, सराय चौक, नया बाजार चौक होते हुए पुलिस लाइन में समाप्त हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश को सख्ती से कुचला जाएगा।
अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नियंत्रण रखने के लिए सोशल मीडिया की विशेष निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भ्रामक ख़बरें प्रसारित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए उपद्रवियों को सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भागलपुर के संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, खासतौर पर धार्मिक स्थलों और प्रमुख बाजारों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब होली और रमजान एक साथ मनाए जा रहे हैं। प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिलेभर में 600 से अधिक स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। 50 से ज्यादा क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) टीमें सतर्क रहेंगी।
एसएसपी हृदयकांत ने सभी से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसएसबी कंपनियों सहित अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। जिसकी पैनी नजर चप्पे-चप्पे पर टिकी रहेगी। हल्की सी भी अभद्रता की सूचना मिलने पर उपद्रवियों को दबोच लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *