शराब कांड पर बिहार विधान सभा में भारी हंगामा, मार्शलों ने भाजपा विधायकों के हाथ से पोस्टर छीने

पटना : बिहार के सारण में जहरीली शराब से 50 लोगों की मौत हो चुकी है। इसे लेकर भाजपा विधायक विधानसभा में जमकर हंगामा कर रहे हैं। शराबबंदी वाले बिहार में भाजपा ने इस मुद्दे पर नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा। विपक्षी विधायकों के हंगामे को देखते हुए सदन करीब 30 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया।
इस दौरान भाजपा विधायक हाथ में पोस्टर लेकर वेल तक आए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विधानसभा अध्यक्ष के आदेश पर मार्शलों ने विधायकों के हाथ से पोस्टर छीन लिए। सदन में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा का माइक आज भी बंद है।
इसके पहले कल गुरुवार को सीएम नीतीश कुमार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आप सभी पहले शराबबंदी के पक्ष में थे। अब क्या हो गया है? इसके बाद भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। भाजपा के विधायकों ने सदन के बाहर कई मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा का कहना है कि जब तक नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा का माइक सदन में बंद करने के मामले में सीएम नीतीश कुमार माफी नहीं मांगते, सदन नहीं चलने देंगे। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि नशाबंदी को लागू करने के तरीके को और बेहतर करने की जरूरत है। इसे सख्ती से लागू करने के साथ-साथ दंड देने के तरीके को भी बदलने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *