बोकारो में अनोखे अंदाज में गणपति थाने का निर्माण,थाने में बिराजे है गणपति बप्पा
बोकारो, – बोकारो जिले में इस बार गणेश पूजा एक नए और अनोखे अंदाज में श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के मजदूर मैदान में स्थापित गणपति थाना इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और उत्सव का प्रतीक बन गया है। खास बात यह है कि इस ‘थाने’ में कोई इंसानी अफसर नहीं, बल्कि स्वयं भगवान गणेश को थानेदार के रूप में विराजमान किया गया है।यह विशेष ‘गणपति थाना’ न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक संदेश भी देता दिखाई देता है। यहां आने वाले भक्तजन न केवल माथा टेकते हैं, बल्कि थानेदार गणेश से अपने जीवन की समस्याओं का समाधान भी मांगते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि जो अन्य जगहों से निराश होकर लौटते हैं, वे यहां आकर राहत और शांति का अनुभव कर रहे हैं।गणपति थाने का उद्घाटन क्षेत्र की सफाई कर्मी महिलाओं द्वारा किया गया, जिससे समाज में समानता और सम्मान का संदेश भी दिया गया। आयोजनकर्ताओं के अनुसार, इस बार समय की कमी और अंतिम क्षणों में मिली प्रशासनिक अनुमति के कारण पारंपरिक पूजा स्थल की बजाय मजदूर मैदान में इस अनूठे ‘थाना-थीम’ पर आधारित पंडाल की रचना की गई।पूजा कमेटी ने इस थीम के पीछे का विचार साझा करते हुए बताया कि जिस थाना क्षेत्र ने अनुमति दी, उसी की प्रेरणा से ‘गणपति थाना’ की रचना की गई, और विघ्नहर्ता गणेश को उसका थानेदार बनाया गया। आयोजन में स्थानीय पुलिस कर्मी भी भाग ले रहे हैं और श्रद्धापूर्वक ‘हाजिरी’ लगाकर भगवान से आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।भीड़-भाड़ और भक्ति के बीच यह थाना बोकारो में गणेश उत्सव के इतिहास में एक नई मिसाल बनकर उभरा है। भक्तों का कहना है कि जब थानेदार खुद विघ्नहर्ता हों, तो फिर किसी भी संकट की कोई जगह नहीं रह जाता है।



