झारखंड पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में लगी आग, कई उपकरण खाक

रांची : राजधानी रांची के धुर्वा स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में मंगलवार को सुबह अचानक आग लग गई, जिसने पूरे प्रशासनिक तंत्र को हिला कर रख दिया। आग की शुरुआत ऊपर बने डेवलपमेंट रूम से हुई और थोड़े ही समय में इसने डाटा सेंटर को अपनी चपेट में ले लिया।

शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया जा रहा है, लेकिन सटीक वजह की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद पूरे परिसर में धुआं भर गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर कई दमकल गाड़ियां पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच, डाटा सेंटर में रखे लगभग 40 कंप्यूटर, 10 एयर कंडीशनर और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। अधिकारियों के अनुसार, नुकसान करोड़ों रुपये का हो सकता है।
सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि डाटा सेंटर में पुलिस विभाग से जुड़े अहम रिकार्ड, सर्वर और तकनीकी सिस्टम मौजूद थे। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि डेटा का बैकअप सुरक्षित रखा गया है, लेकिन इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। अगर बैकअप सुरक्षित नहीं रहा तो यह पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और आईटी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सभी ने मिलकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। वहीं राज्य सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना से बचाव हो सके।
विशेषज्ञ मानते हैं कि डाटा सेंटर जैसी संवेदनशील इकाई में सुरक्षा और अग्नि शमन की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। इस घटना ने प्रशासन को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या तकनीकी संरचनाओं को सुरक्षित रखने के लिए मौजूदा इंतजाम पर्याप्त हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *