झामुमो कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन मजबूती और मतदाता जागरूकता पर जोर
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की ओर से गुरुवार को सिमडेगा नगर भवन में एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन, बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों तथा सिमडेगा, कोलेबिरा और तोरपा विधानसभा क्षेत्रों से हजारों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय और तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों नेताओं का स्वागत जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना, जिला सचिव सफीक खान और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग सहित कार्यकर्ताओं ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झामुमो और पार्टी नेतृत्व के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर और समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की महत्ता बताते हुए कहा कि निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। कार्यशाला में बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, संशोधन और विलोपन की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा मतदाता जागरूकता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



