राष्ट्रीयकरण से लोकतांत्रिक राज्य समाजवाद की ओर बढ़ने पर जोर
रांची : बामसेफ जिला रांची की ओर से विधानसभा क्लब में क्लस्टर अधिवेशन-2026 का आयोजन किया गया। अधिवेशन में बामसेफ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अलावा करीब 10 सामाजिक एवं बहुजन संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में संविधान के सम्मान, सामाजिक एकता, आर्थिक समानता और संगठनात्मक समन्वय से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
अधिवेशन के प्रथम सत्र में ‘राष्ट्रीयकरण का पैगाम-निजीकरण पर लगाम, अर्थात राष्ट्रीयकरण से लोकतांत्रिक राज्य समाजवाद की ओर’ विषय पर विचार-विमर्श हुआ। सत्र के प्रस्तावक पुरन राम ने विषय की पृष्ठभूमि और अधिवेशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के उद्घाटक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर प्रसाद ने विषय के विभिन्न पहलुओं को सामने रखा। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दशरथ चंद्र दास ने निजीकरण से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि मूलनिवासी समाज के विकास के लिए सार्वजनिक संसाधनों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
विशिष्ट अतिथि एवं बामसेफ रांची के उपाध्यक्ष अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार ने राष्ट्रीयकरण को सामाजिक एवं आर्थिक विकास से जोड़ते हुए सार्वजनिक क्षेत्र को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। वक्ताओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बैंकिंग, खनिज और अन्य सार्वजनिक संसाधनों के जनहित में उपयोग तथा समान अवसर और सामाजिक न्याय पर चर्चा की।
अध्यक्षीय संबोधन बामसेफ झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद राम ने किया।
दूसरे सत्र में ‘मूलनिवासी बहुजन संगठनों की एकता के बुनियादी सिद्धांत और कार्यक्रम’ विषय पर खुली चर्चा हुई। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सामाजिक जागरूकता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया। बामसेफ झारखंड के कोषाध्यक्ष रंजन चौधरी ने दोनों सत्रों में रखे गए विचारों का सार प्रस्तुत किया।
अंत में बामसेफ जिला रांची के प्रभारी कविन्द्र राम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। अधिवेशन में संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक जागरूकता और विभिन्न संगठनों के बीच संवाद को मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।


