बिहार विधानसभा : दूसरे चरण के लिए 122 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार,11 नवंबर को है मतदान  

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार आज रविवार शाम 6 बजे समाप्त हो जाएगा. इस चरण में कुल 1302 प्रत्याशी मैदान में है, जिनमें 1165 पुरुष, 136 महिला और 1 थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल हैं. चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी.दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी. इनमें 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें शामिल हैं. हर बूथ पर औसतन 815 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और चिराग पासवान सहित कई बड़े नेताओं ने अपने-अपने गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया और मतदाताओं से समर्थन की अपील की.
इस चरण में कैमूर का चैनपुर, रोहतास का सासाराम और गया शहर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 22-22 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. वहीं, सबसे कम 5-5 प्रत्याशी वाले क्षेत्र है- लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमनखी.इस चरण में कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए है, जिनमें 5326 शहरी और 40,073 ग्रामीण बूथ शामिल हैं. इनमें 595 महिला संचालित, 91 दिव्यांग संचालित और 316 मॉडल मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी ताकि मतदान प्रक्रिया पारदर्शी रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *