भोजपुर के डॉ. भवेश को मिला ‘इंडियन ऑफ द ईयर-2025 सम्मान!बिहार में खुशी की लहर

पटना। पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. भीम सिंह ‘भवेश’ को एनडीटीवी द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में ‘इंडियन ऑफ द ईयर-2025’ सम्मान से नवाजा गया। यह भव्य कार्यक्रम राजधानी नई दिल्ली स्थित होटल ओबेरॉय में आयोजित हुआ!जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुल 18 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। डॉ. भवेश बिहार के भोजपुर जिले के आरा प्रखंड अंतर्गत जमीरा पंचायत के लक्षणपुर गांव के निवासी हैं। वर्तमान में आरा शहर के मदन जी के हाता में रहते हैं। वे पिछले करीब 22 वर्षों से समाज के हाशिए पर पड़े मुसहर समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके इसी समर्पित सामाजिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। उल्लेखनीय है कि 25 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 110वें एपिसोड में डॉ. भवेश के कार्यों की विशेष प्रशंसा की थी। इसके बाद वर्ष 2025 में उन्हें ‘पद्मश्री’ सम्मान से भी अलंकृत किया गया। हाल ही में डॉ. भवेश को देश के प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थान लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (मसूरी) में फाउंडेशन कोर्स के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद के लिए भी आमंत्रित किया गया था। सामाजिक सेवा के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में भी डॉ. भवेश की अलग पहचान है। उनकी चर्चित पुस्तकों में “सानिध्य का संस्मरण”, “नेम प्लेट”, “हाशिए पर हसरत” व “कलकत्ता से कोलकाता” शामिल हैं। इसके अलावे आरा में शहर की अधिष्ठात्री मां आरण्य देवी के भव्य मंदिर निर्माण की शुरुआत का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है। डॉ. भवेश को ‘इंडियन ऑफ द ईयर-2025’ सम्मान मिलने पर बिहार व भोजपुर जिले में हर्ष का माहौल है। सामाजिक, साहित्यिक व धार्मिक संगठनों सहित जिले के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *