जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई बैठक,डीसी ने दिए निर्देश
खूंटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की अद्यतन प्रगति पर एजेंडावार विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
उपायुक्त द्वारा समीक्षा के क्रम में जिले के सभी पंचायतों में प्लास्टिक कचरा संग्रहण के लिए उपलब्ध कराए गए ट्राय साइकिल की स्थिति की जानकारी ली गई। इस संबंध में जिला समन्वयक ने बताया कि ट्राय साइकिल का संचालन संबंधित पंचायत के मुखिया के माध्यम से किया जाना है। उपायुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि प्लास्टिक कचरा संग्रहण के लिए ट्राय साइकिल को स्वयं सहायता समूह (SHG) के माध्यम से संचालित किया जाए, जिससे दैनिक रूप से कचरा उठाव का कार्य प्रभावी ढंग से प्रारंभ हो सके। इसके संचालन और रख-रखाव हेतु 15वें वित्त आयोग की राशि से व्यय करने का भी निर्देश दिया गया। इस पहल की शुरुआत प्रारंभिक तौर पर किसी एक ग्राम से करने की बात कही गई।
बैठक में पंचायत स्तर पर संचालित प्लास्टिक पृथक्करण केंद्रों को पूरी तरह क्रियाशील बनाए जाने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि चयनित सात पंचायतों में JSLPS के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों का चयन कर पृथक्करण केंद्रों को पुनः सक्रिय किया जाए, ताकि पंचायतों एवं ग्रामों को प्लास्टिक मुक्त घोषित करने की दिशा में ठोस पहल की जा सके।
उपायुक्त ने ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ियों में स्वच्छता के प्रति बच्चों को जागरूक करने हेतु विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया। School Sanitation & Hygiene Education के तहत बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा विद्यालय परिसर की स्वच्छता पर बल देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि विद्यालय प्रारंभ होने के समय बच्चों की स्वच्छता का आकलन किया जाए एवं उन्हें स्वच्छ रहने हेतु निरंतर प्रेरित किया जाए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति को और अधिक सशक्त बनाने का निर्देश देते हुए कहा गया कि सप्ताह में एक बार स्वच्छता के मानकों पर विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को जागरूक करना सुनिश्चित किया जाए।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समन्वयक, एई, जेई, जल सहिया समेत अन्य उपस्थित थे।

