उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिला खेल एवं पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक

खूंटी: जिले में खेल और पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला खेल एवं पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों के साथ जिला में संचालित योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि माननीय मंत्री, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के निर्देशानुसार जिले में मिनी स्टेडियम निर्माण हेतु कार्यकारी एजेंसी एनआरईपी द्वारा प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। साथ ही, खूंटी के आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र (बालक) के प्रशिक्षुओं के लिए भोजन आपूर्ति हेतु निविदा प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
अड़की प्रखंड के चलकद स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में डे-बोर्डिंग हॉकी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने हेतु विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं, बीते दिनों तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान के कारण क्षतिग्रस्त बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के गैलरी शेड की मरम्मत के लिए भी एनआरईपी द्वारा प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, बिरसा मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम के क्षतिग्रस्त एस्ट्रोटर्फ मैदान की मरम्मत हेतु विभाग को पत्र भेजा गया है। बैठक में खूंटी जिले में एक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स निर्माण तथा खूंटी हेल्थ क्लब को नगर पंचायत से जिला खेल कार्यालय को हस्तांतरित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

पर्यटन क्षेत्र की समीक्षा के दौरान जिला पर्यटन पदाधिकारी ने उपायुक्त को जानकारी दी कि डोम्बारी बुरु, पेरवाघाघ, रीमिक्स जलप्रपात एवं दशम फॉल के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। उपायुक्त ने इन कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि रानी फॉल में बोरिंग और शौचालय के जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण हो चुका है।
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी, जिला पर्यटन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *