जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने की हूंठ पंचायत में समीक्षा बैठक, दिए कड़े दिशा-निर्देश
गणादेश,खूंटी: अड़की प्रखंड के फोंट हूंठ पंचायत में जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने समीक्षा बैठक कर पंचायत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब हर गुरुवार को पंचायत दिवस मनाया जाएगा, जिसमें पंचायत स्तर के सभी कर्मी और जनप्रतिनिधि अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इससे सुदूरवर्ती गांवों के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।समीक्षा बैठक के दौरान जब पंचायत सचिव ने बताया कि पंचायत की बैठक महीने में केवल एक बार होती है, तो जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिया कि गुरुवार को होने वाली बैठकें नियमित रूप से आयोजित हों।डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि पंचायत दिवस पर जिला समन्वयक, एएनएम, स्वास्थ्य सहिया, प्रखंड समन्वयक, श्रमिक मित्र, कृषि मित्र, जनसेवक, रोजगार सेवक, राजस्व उपनिरीक्षक सहित सभी विभागों के पदाधिकारी पंचायत की मुखिया की अध्यक्षता में समीक्षा करेंगे। साथ ही पंचायत समिति सदस्यों, वार्ड सदस्यों और जेएसएलपीएस कर्मियों को भी बैठक में शामिल करने को कहा, ताकि महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयासों को और गति मिल सके।उन्होंने सभी कर्मियों को पब्लिक सर्विस डिलीवरी और डिजिटल पंचायत पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि आम जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। बैठक में अफीम की खेती पर भी विस्तृत चर्चा की गई और इसके दुष्परिणामों से लोगों को अवगत कराया गया। साथ ही अफीम की खेती सख्त रूप से नहीं करने का निर्देश दिया गया।बैठक में पंचायत मुखिया सोमा मुंडा, पंचायत समिति सदस्य, आंगनबाड़ी सेविका, पंचायत सहायक, राजेश्वर बैठा (ग्राम सभा मोबिलाइजर) और बाल गोविंद महतो (ग्राम सभा मोबिलाइजर) सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।



