बीएसएल में शीर्ष प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच संवाद कार्यक्रम
बोकारो – बोकारो स्टील प्लांट के मानव संसाधन के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मुख्य प्रेक्षागृह में 3 जनवरी को अभिव्यक्ति नामक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संयंत्र के विभिन्न विभागों से कुल 280 अनाधिशासी कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोकारो स्टील प्लांट के निदेशक-प्रभारी प्रिय रंजन उपस्थित रहे। उनके साथ अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक (माइंस) विकास मनवटी, अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) सी. आर. मिश्रा, अधिशासी निदेशक (परियोजनाएँ) अनीष सेनगुप्ता, अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त, अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. बी. बी. करुणामय, मुख्य महाप्रबंधक-प्रभारी एवं एक्टिंग ईडी (वित्त एवं लेखा) एस. के. भारद्वाज सहित संयंत्र के विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।संवाद कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य महाप्रबंधक (ज्ञानार्जन एवं विकास) नीता बा ने सभी का स्वागत किया। तत्पश्चात निदेशक-प्रभारी प्रिय रंजन ने इस्पात कर्मियों को सुरक्षा शपथ दिलाई।अपने संबोधन में श्री रंजन ने कहा कि संयंत्र की सतत प्रगति के लिए सुरक्षा सर्वोपरि है तथा शून्य दुर्घटना एवं शून्य ब्रेकडाउन के लक्ष्य के साथ उत्पादन में वृद्धि करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कौशल, दक्षता एवं कार्य-प्रणालियों के माध्यम से संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति में सक्रिय योगदान दें। इस अवसर पर मंचासीन अन्य अधिशासी निदेशकों ने भी कर्मचारियों को बोकारो स्टील प्लांट की निरंतर प्रगति में अपनी भूमिका सुदृढ़ करने का संदेश दिया। इस संवादात्मक सत्र के दौरान कर्मचारियों ने अपने विचार, सुझाव एवं अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन वरीय प्रबंधक प्रीति कुमारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (ज्ञानार्जन एवं विकास) मीनम मिश्रा ने किया।

