शीघ्र उड़ान सुनिश्चित करने हेतु सभी कार्य आपसी समन्वय से पूरा करें- उपायुक्त
बोकारो – बोकारो हवाई अड्डा परिसर में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में बोकारो हवाई अड्डा के विस्तारीकरण के संदर्भ में उड़ान सेवा शीघ्र प्रारंभ करने की कार्य प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने बोकारो हवाई अड्डा की सुरक्षा के दृष्टिकोण से दूंधीबाग से अतिक्रमण हटाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से हवाई अड्डे के आसपास में बसे दुंदीबाग के सभी अवैध दुकानों को हटाए।
हवाई अड्डा परिसर के अंदर झाड़ियों की साफ सफाई के संदर्भ में उपायुक्त अजय नाथ झा ने अति शीघ्र साफ सफाई का आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने बीएसएल प्रबंधन को सुझाव दिया कि हवाई अड्डा परिसर में झाड़ियों की साफ सफाई करना सुनिश्चित करें ताकि हवाई अड्डा परिसर में लगे टावर टू टावर की विजिबिलिटी स्पष्ट रहे। बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि हवाई अड्डा परिसर के लिए सुरक्षा मानकों के अनुसार टू बेडडे एंबुलेंस क्रय की प्रक्रिया शीघ्र पूरा करें। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने हवाई अड्डा की सुरक्षा के दृष्टिकोण से मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया । मौके पर पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप महाप्रबंधक एयरपोर्ट अथॉरिटी रांची मनोज सिंह, निदेशक बिरसा मुंडा हवाई अड्डा रांची विनोद कुमार, प्रशिक्षु वन प्रमंडल पदाधिकारी संदीप शिंदे, सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद, अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, आईबी के प्रतिनिधि, बीएसएल नगर सेवा भवन के सीजीएम कुंदन कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।



