श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने आमरेश्वर धाम का किया निरीक्षण
खूंटी : पवित्र श्रावण माह का आज से शुभारंभ हो गया है, 11 जुलाई से 9 अगस्त तक आमरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त आर. रॉनिटा ने पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो समेत अन्य अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर एवं आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, तालाब के किनारे बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग की सुविधा एवं भीड़ नियंत्रण जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस के जवानों को सक्रिय होकर मेला अवधि में सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए उपायुक्त ने सुगम यातायात के लिए डायवर्सन रूट का जायजा लिया। उन्होंने डायवर्सन रूट की अच्छे से मरम्मत को लेकर संबंधित कार्यपालक अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में समस्या न हो।
इस अवसर पर उपायुक्त ने मंदिर में श्रावण मास के पहले दिन बाबा भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जिलावासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।



