श्रावणी मेला को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की संयुक्त ब्रीफिंग, डीसी-एसपी ने दिए निर्देश
खूंटी: 30 जुलाई से 28 अगस्त तक बाबा अमरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री ऋषभ गर्ग ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने बनई नदी में जल प्रवाह अधिक रहने की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने गोताखोरों की सक्रिय प्रतिनियुक्ति, नियमित माइकिंग तथा नदी क्षेत्र पर लगातार पैनी निगरानी रखने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं स्थानीय स्वयंसेवक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार करें तथा उन्हें कतारबद्ध तरीके से मंदिर में दर्शन कराने में सहयोग करें। उन्होंने मंदिर के प्रवेश एवं निकासी मार्ग को सुव्यवस्थित बनाए रखने, अनाधिकृत पार्किंग पर नियंत्रण रखने, जेबकतरों एवं अन्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने, समय पर प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने तथा मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बनई नदी के आसपास निरंतर माइकिंग कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने के लिए जागरूक करने तथा किसी भी संभावित अप्रिय घटना की रोकथाम हेतु लगातार निगरानी रखने को कहा।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं श्रद्धालुओं के लिए सुगम वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया।


