कारा सुरक्षा समिति की बैठक डीसी ने दिया अधिकारियों को आवश्यक निर्देश
खूंटी: उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में कारा सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने एवं परिसर में अनुशासन सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।उपायुक्त ने उप-कारा, खूंटी में लगाए गए सुरक्षा उपकरणों, जैसे सीसीटीवी कैमरा एवं अन्य यांत्रिक उपकरणों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और इनके सुचारु संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में और मजबूती लाने के लिए संबंधित अधिकारी समय-समय पर उप-कारा का औचक निरीक्षण करें, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की संभावना न रहे।उन्होंने यह भी कहा कि जेल में अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, जेल अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



