CRPF ने कहा-सुरक्षा के पूरे इंतजाम, खुद ही खतरों में पड़ते हैं राहुल गांधी

नई दिल्ली : कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक मामले को लेकर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का जवाब सामने आया है। CRPF की ओर से कहा गया है कि राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर पूरे इंतजाम किए गए थे। हालांकि, कई मौकों पर खुद राहुल गांधी की ओर से ही सुरक्षा निर्देशों का उल्लंघन किया गया है।
CRPF ने कांग्रेस के पत्र के जवाब में कहा है कि वर्ष 2020 से राहुल गांधी ने खुद ही 113 बार सुरक्षा निर्देशों का उल्लंघन किया है। इस बारे में उन्हें समय-समय पर जानकारी भी दी गई है।
बता दें कि कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सुरक्षा में चूक का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि राहुल की सुरक्षा के लिए पर्याप्त उपाय नहीं किए गए हैं। इसके जवाब में CRPF ने कहा है कि राहुल गांधी की सुरक्षा के सभी उपाय जारी दिशा-निर्देशों के हिसाब से ही किए गए हैं। सुरक्षा के लिए किए गए इंतजाम तभी सही से काम करते हैं, जब सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति भी दिशा-निर्देशों का पालन करे। जबकि खुद राहुल गांधी ही सुरक्षा घेरा तोड़कर लोगों से मिलने जैसी चीजों के जरिये अपनी सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, CRPF की ओर से कहा गया है कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के लिए सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति के दौरे पर CRPF द्वारा दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य पुलिस/सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाती है। गृह मंत्रालय द्वारा राज्य सरकारों के साथ सुरक्षा को लेकर सलाह और सभी जानकारी राहुल गांधी के साथ कांग्रेस को भी दी गई थी। ये जानकारी खतरे के आकलन के आधार जारी की गई थी। CRPF ने कहा कि सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कर दिल्ली पुलिस ने भी सुरक्षाकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *