भाकपा माले हेमंत सोरेन कैबिनेट में नहीं होगी शामिल: दीपांकर भट्टाचार्य

रांची:भाकपा माले के राष्ट्रीय नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड का जनादेश पूरे देश को एक मैसेज देने का काम किया गया। बीजेपी के नफरत और झूठ को जनता ने नकार दिया। वे शनिवार को राज्य कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार में भाकपा माले शामिल नहीं होगी। हमारे विधायक विधानसभा के अंदर और बाहर जन मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे। हम सही मुद्दे पर राज्य सरकार का सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय के बाद हमारी पार्टी ने धनबाद से दो सीटें जीती है। इस बार बगोदर धनबार में हार का सामना करना पड़ा है। विनोद सिंह एवं राजकुमार यादव की कमी खलेगी। लेकिन उनके अनुभवों और पार्टी की संगठन का लाभ आगे भी उठाया जाएगा। हम झारखंड के हक और न्याय के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी झारखंड में अदानी राज को थोपना चाहती थी। आदिवासी और मुस्लिम समाज के बीच में नफरत फ़ैलाने का काम किया जा रहा था। एक अविश्वास का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई। उसका जबरदस्त जवाब एकता के रूप में यहां के लोगों ने दिया है। नई सरकार जनता के उम्मीदों पर बनी है और यह बेहतर ढंग से चलेगी।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार को गवर्नर के जरिए अस्थिर करने की कोशिश की गई है।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने जो सात गारंटी का वादा किया है वह पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड के बड़े शहरों पर बीजेपी का कब्जा है। इंडिया गठबंधन की सरकार बीजेपी के नफरत और झूठ को पर्दाफाश करेगी।
उन्होंने कहा कि 2025 में पार्टी का संगठन विस्तार होगा। 26नवंबर से 26 जनवरी तक पार्टी पूरे देश में संविधान की भावना उसके उसूलों को जन जन तक पहुंचाएंगे। इसके लिए संविधान अभियान चलाया जायेगा। इसमें पूरे देश में तिरंगा मार्च किया जायेगा। वहीं अदानी पर कहा कि अमरीका में अदानी पर कार्रवाई पर शुरुआत हो रही है। लेकिन भारत की सरकार इसको संरक्षण दे रही है। इसका खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है। जनता को महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। सरकार इसको लेकर पूरी तरह से बेखबर है। इस सवाल को लेकर जनता के बीच जायेंगे। वहीं हेमंत सोरेन कैबिनेट में माले के शामिल होने की बात पर समय आने पर इसपर चर्चा की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *