सफलता के लिए निरंतर प्रयास और स्पष्ट लक्ष्य का निर्धारण आवश्यक : शिल्पी नेहा तिर्की

रांची : चान्हो प्रखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित “भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह” में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि तथा पूर्व मंत्री बंधु तिर्की विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में चान्हो प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि पिछले लगभग 20 वर्षों से मांडर विधानसभा के सभी प्रखंडों में आयोजित यह सम्मान समारोह दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करता आ रहा है। यह केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी की प्रतिभा, मेहनत और सपनों का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य बच्चों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। आज प्रतिस्पर्धा के इस दौर में प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य के प्रति सजग, अनुशासित एवं समर्पित रहना होगा। निरंतर प्रयास, मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
मंत्री ने कहा कि डिजिटल युग ने शिक्षा एवं ज्ञान के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं, लेकिन इसके साथ कई चुनौतियाँ भी सामने आई हैं। कम उम्र में बच्चों का अनुचित डिजिटल सामग्री तक पहुँचना सामाजिक चिंता का विषय है। ऐसे में अभिभावकों एवं शिक्षकों की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ जाती है कि वे बच्चों का सही मार्गदर्शन करें तथा उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थी सीमित संसाधनों और मूलभूत सुविधाओं के अभाव के बावजूद अपनी प्रतिभा और अथक मेहनत के बल पर उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर रहे हैं। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान न केवल उन्हें नई ऊर्जा देता है, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने सम्मानित सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए उनके अभिभावकों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति को भी बधाई दी।

मैट्रिक परीक्षा के प्रखंड स्तरीय टॉप-3

मैट्रिक परीक्षा में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिजुपाड़ा की श्रेया कुमारी ने 481 अंक (96.2%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय की खुशी कुमारी ने 467 अंक (93.4%) के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रोजेक्ट गर्ल्स +2 हाई स्कूल, ओपा की आंचल कुमारी ने 465 अंक (93%) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इंटरमीडिएट (वाणिज्य) के टॉप-3

एस.वी.बी.बी. इंटर कॉलेज, चान्हो के आयुष भगत ने 415 अंक (83%) प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। आरती कुमारी ने 414 अंक (82.8%) के साथ द्वितीय तथा नितेश ओझा ने 403 अंक (80.6%) प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।

इंटरमीडिएट (कला) के टॉप-3

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), चान्हो की रूपा कुमारी ने 434 अंक (86.8%) प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेजल कुमारी ने 432 अंक (86.4%) के साथ द्वितीय तथा आरती कुमारी ने 421 अंक (84.2%) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इंटरमीडिएट (विज्ञान) के टॉप-3

प्रोजेक्ट +2 हाई स्कूल, दुगदुगिया मैदान, बेयासी की खुशबू उरांव ने 411 अंक (82.2%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। किसान +2 हाई स्कूल, पतरातू की मोकब्बेरा अफरीन ने 392 अंक (78.4%) के साथ द्वितीय तथा नौशीन अर्शी ने 382 अंक (76.4%) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सभी मेधावी विद्यार्थियों को मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की एवं पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने अपने संबोधन में कहा कि मांडर विधानसभा में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मांडर एवं बेड़ो कॉलेजों के आधारभूत ढाँचे में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को ऐसी सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराना है, जिससे वे शहरी विद्यार्थियों के साथ समान स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।

कार्यक्रम में चान्हो प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मो. इस्तियाक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, मुखिया शिव उरांव, प्रियंका उरांव, जुल्फान अंसारी, सांसद प्रतिनिधि मो. गयास, इरशाद खान, अब्दुल्लाह अंसारी, दिलीप सिंह, अजीत सिंह, दिनेश राम, मो. अमान, जीवन मिंज, आनंद मिंज, जावेद अहमद, झारीता उरांव, कुरबान अंसारी, बबलू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *