रामगढ़ हत्याकांड को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से की मुलाकात, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और निष्पक्ष जांच की मांग
रांची :रामगढ़ जिले में आफताब अंसारी की निर्मम हत्या को लेकर प्रदेश में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष मंजूर अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री अनुराग गुप्ता से रांची में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इस हत्याकांड को मॉब लिंचिंग करार देते हुए इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को सौंपे गए ज्ञापन में रामगढ़ पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए। प्रतिनिधियों का आरोप था कि पुलिस की निष्क्रियता और संदिग्ध संलिप्तता के कारण मुख्य आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक साजिश है, जिसे सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया गया। प्रतिनिधियों ने मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड को मॉब लिंचिंग की श्रेणी में दर्ज किया जाए और इसकी सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
मंजूर अंसारी ने कहा कि आफताब अंसारी की हत्या ने पूरे अल्पसंख्यक समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और अल्पसंख्यक समुदाय में भय का माहौल पैदा कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सुरक्षा और न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रतिनिधिमंडल में दिलीप जान, अब्दुल करीम अंसारी, हसनैन आलम, अरशद उल कादरी, जैतून कुमार जान, हुसैन खान, साने रहमत और जोया परवीन शामिल थे। सभी ने एक स्वर में दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।



