एस्टो टर्फ में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा मेमोरियल पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का समापन
गणादेश,खूंटी :खूंटी के एस्टो टर्फ में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा मेमोरियल पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का समापन रविवार को हो गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राज्य की कुल 12 टीमों ने भाग लिया।टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला ब्लैक टाईगर, खूंटी और सिमडेगा-11 के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 गोल से बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में ब्लैक टाईगर, खूंटी ने सिमडेगा-11 को 2-0 से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
समापन समारोह में स्थानीय सांसद कालीचरण मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में तथा एसडीएम दीपेश कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि खूंटी खिलाड़ियों का खान है। उन्होंने जयपाल सिंह मुंडा की जयंती के अवसर पर हॉकी टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए आयोजन समिति को धन्यवाद दिया। सांसद ने कहा कि मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा न केवल इस क्षेत्र, बल्कि देश के भी जाने-माने नेता और महान खिलाड़ी थे। उन्होंने भारत को ओलंपिक में पहला स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और उस समय वे भारतीय टीम के कप्तान थे।
उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा खेल के साथ-साथ शिक्षा में भी प्रखर थे और उन्होंने विदेशों में जाकर शिक्षा प्राप्त की। झारखंड के हित में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सांसद ने युवाओं से अपील की कि वे जयपाल सिंह मुंडा के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लें तथा खेल विभाग से यहां के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तराशने और आगे बढ़ाने का आग्रह किया।यह टूर्नामेंट मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्पोर्ट्स एकेडमी, टकरा द्वारा आयोजित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में जयंत जयपाल सिंह मुंडा, ओलंपियन मनोहर तोपनो, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सावित्री पुर्ती, मेजर ध्यानचंद अवार्डी सुमरय टेटे, जगन टोपनो, ख्रिस्टोफर इंदवार, करूणा पुर्ती, छोटू उरांव, कमल होरो, संजय मुंडा, नमजन मुरूम, दशरथ महतो सहित अन्य खेलप्रेमियों का सराहनीय योगदान रहा।



