डीसी की अध्यक्षता में अनुकम्पा समिति की हुई बैठक

खूंटी : उग्रवादी हिंसा में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को अनुग्रह-अनुदान एवं सरकारी सेवा में नियोजन से संबंधित जिला अनुकम्पा समिति की बैठक आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्रीमती आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान समिति द्वारा उग्रवादी हिंसा में मृत व्यक्तियों से संबंधित कुल 8 मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। प्राप्त आवेदनों की जांच के क्रम में 2 आश्रितों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज पूर्ण एवं संतोषजनक पाए गए, जिसके आधार पर समिति द्वारा अनुशंसा कर अग्रेतर कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया, ताकि मृतक के आश्रितों को अनुग्रह-अनुदान एवं अन्य सरकारी लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके। वहीं, शेष मामलों में आवश्यक अभिलेखों की कमी पाए जाने पर संबंधित आश्रितों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने हेतु पत्राचार करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक श्री मनीष टोप्पो, परियोजना निदेशक (आईटीडीए) श्री आलोक शिकारी कच्छप, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह, डीएसपी मुख्यालय, जिला भूमि सुधार उप-समाहर्ता, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला स्थापना उप-समाहर्ता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *