क्रिसमस मिलन महोत्सव में पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, राज्यवासियों को दी क्रिसमस की शुभकामनाएं

गणादेश,रांची : प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव क्रिसमस को लेकर राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में उल्लास और उमंग का माहौल है। शहर रोशनी, सजावट और उत्सवी रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रांची के डॉ. कामिल बुल्के पथ स्थित लोयोला ग्राउंड में पल्ली खेल समिति द्वारा आयोजित चार दिवसीय क्रिसमस मिलन महोत्सव–2025 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रभु यीशु के अवतरण की खुशी राजधानी रांची में साफ तौर पर झलक रही है। आकर्षक विद्युत सज्जा लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और चारों ओर रौनक का माहौल है। शहर के विभिन्न हिस्सों में क्रिसमस गैदरिंग आयोजित हो रही हैं, जहां गीत, संगीत, नृत्य और कैरोल के माध्यम से लोग आपसी भाईचारे के साथ खुशियां मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोयोला ग्राउंड में पिछले चार दिनों से चल रहा क्रिसमस मिलन महोत्सव एक भव्य और अनुकरणीय आयोजन है, जो आने वाले वर्षों में और व्यापक पहचान बनाए—ऐसी वे प्रभु यीशु से प्रार्थना करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की निरंतर कोशिश है कि समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान आए। हालांकि, यह कार्य केवल सरकार के प्रयास से संभव नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग और सहभागिता से ही इसे साकार किया जा सकता है। उन्होंने आपसी सौहार्द, भाईचारे और बिना किसी द्वेषभाव के एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि इससे एक सुंदर, समावेशी और सम्मानजनक सामाजिक वातावरण का निर्माण होता है।
समारोह में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, आर्चबिशप फादर विंसेंट आइंद, फादर अजीत कुमार खेस, फादर आनंद डेविड खलखो तथा जीईएल चर्च के मॉडरेटर मार्शल केरकेट्टा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि और श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *